Deoli News 4 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बीसलपुर डेम में बीते 10 घण्टों में 13 सेमी पानी की आवक बढ़ी है। इससे बुधवार सुबह 6 बजे डेम का जलस्तर बढ़कर आरएल 314.82 मीटर हो गया है।
जो आरएल 315.50 मीटर के आंकड़े से महज 68 सेमी दूर है। उधर, सुबह त्रिवेणी में फिर चढ़ाव जारी है। मौसम विभाग ने बुधवार को टोंक, सवाईमाधोपुर समेत कई जिलों में क़ई स्थानों के लिए “येलो अलर्ट” जारी किया है। विभाग की चेतावनी के अनुसार टोंक जिले के क़ई स्थानों पर मध्यम व भारी वर्षा संभव है। लोगो से सावधान बरतने को कहा है। बीसलपुर नियंत्रण केंद्र की सूचना के मुताबिक अब तक पूर्ण जलभराव बिंदु आरएल 315.50 मीटर तक 38.70 टीएमसी के मुकाबले 33.948 टीएमसी पानी का संग्रहण हो चुका है। अगर जलावक जारी रही तो अब डेम को छलकने के लिए 68 सेमी पानी और चाहिए।
बीते 24 घण्टों के दौरान डेम पर 115 व अब तक कुल 1063 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। त्रिवेणी कल के बहाव स्तर 2.90 मीटर से बढ़कर आज सुबह 6 बजे 3.10 मीटर तक बढ़ी है। वहीं मंगलवार रात देवली शहर व आसपास के इलाके में पूरी रात बिजली कड़कने एवं तूफान के साथ झमाझम बारिश हुई। इस दौरान लोग भयभीत रहे। बिजली की कड़कड़ने की ऐसी आवाज लोगों ने पहले बहुत कम सुनी होगी।


