देवली में आंधी-तूफान का कहर, अस्त-व्यस्त पूरा हुआ शहर, टूटे पेड़ और होर्डिंग्स
Deoli News 30 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में शनिवार देर शाम मौसम ने अचानक करवट ली और भीषण आंधी-तूफान ने जमकर तांडव मचाया। शाम करीब 6:30 बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गए और 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने लगीं। तबाही के चलते रात 9:15 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। विद्युत निगम की पेट्रोलिंग टीम में घूमती रही।
देखते ही देखते पूरा शहर धूल के गुबार में डूब गया, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। तेज आंधी के चलते सुरक्षा के दृष्टिगत पूरे शहर की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। आंधी की गति इतनी प्रचंड थी कि शहर के कई स्थानों और ग्रामीण इलाकों में पेड़ झुक गए और उनकी टहनियां टूटकर सड़कों पर बिखर गईं। अटल उद्यान में लगा राष्ट्रीय ध्वज भी तेज हवाओं के कारण फट गया। वहीं बस स्टैंड स्थित सार्वजनिक गौशाला की चद्दरें उखड़कर सड़क पर लटक गईं। शहरभर में जगह-जगह प्रचार-प्रसार के होर्डिंग्स और फ्लेक्स टूटकर गिर गए।
आंधी का यह दौर करीब एक घंटे तक एक रफ्तार से जारी रहा, जिसके चलते बाजार जल्दी बंद हो गए और लोग अपने प्रतिष्ठान छोड़कर सुरक्षित घरों की ओर चले गए। आंधी के साथ ही करीब आधे से पौन घंटे तक मध्यम दर्जे की बारिश हुई, जिससे सड़कें भीग गईं और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। रात करीब 8:30 बजे तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग ने शनिवार को तेज आंधी और बारिश की जो चेतावनी जारी की थी, वह पूरी तरह सटीक साबित हुई। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार रात भी क्षेत्र में तेज हवाओं और बूंदाबांदी का दौर चला था।
जिसके बाद लगातार दूसरे दिन आए इस तूफान ने जनजीवन को खासा प्रभावित किया है। तेज आंधी के कारण सड़क पर चल रहे बाइक और कार चालकों को अपनी यात्रा रोककर सुरक्षित जगहों पर ठहरना पड़ा।
वाइब्रेशन के साथ गुंजा अलर्ट
राजस्थान में शनिवार को आपदा प्रबंधन विभाग ने मौसम के नए अलर्ट से लोगों को सतर्क किया है। राज्य के कई जिलों में आज मोबाइल पर ‘एक्सट्रीमली सीवियर अलर्ट’ का संदेश तेज वाइब्रेशन के साथ फ्लैश हुआ, जिसने लोगों को चकित कर दिया। यह अलर्ट तब तक वाइब्रेट होता रहा।
जब तक उसे ‘ओके’ नहीं किया गया। विभाग ने ब्यावर, भीलवाड़ा, बूंदी, कोटा, पाली, राजसमंद, सवाई माधोपुर और टोंक में अगले तीन घंटों में 80-100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान, ओलावृष्टि और बारिश की चेतावनी दी है। लोगों को सावधानी बरतने और विस्तृत जानकारी के लिए ‘आमजन सचेत’ ऐप डाउनलोड करने की सलाह दी गई है।



