डीएसटी और दूनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Deoli News 20 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) टोंक जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों और हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को दूनी पुलिस और जिला विशेष टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सफलता हासिल की है।
देवली पुलिस उपाधीक्षक हेमराज ने बताया कि पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे 52 पर पोल्याड़ा चौकी के पास नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली, जिनके पास से 30 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 6 लाख रुपए आंकी गई है। इसके अतिरिक्त आरोपियों के कब्जे से 52 पव्वें अवैध देशी शराब, 2 लीटर हथकढ़ शराब और एक धारदार छुरी भी जब्त की गई है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राकेश कुमार सांसी पुत्र शंकर सांसी और धीरज कुमार सांसी पुत्र हन्या सांसी के रूप में हुई है, जो दोनों ही दूनी थाना क्षेत्र के पोल्याड़ा स्थित सांसी बस्ती के निवासी हैं।
पूछताछ में सामने आया है कि ये आरोपी क्षेत्र के युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने के लिए अवैध स्मैक और नशीले पदार्थों का जाल फैला रहे थे। दूनी थानाधिकारी रतन सिंह तंवर और डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में की इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।



