केकड़ी जिला अस्पताल में उपचार कराया, आयोजन में मचा हड़कंप
Deoli News 31 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नासिरदा थाना क्षेत्र के बीजवाड़ गांव में बीती रात फूड प्वाइजनिंग से 100 से अधिक महिला, पुरुष व बच्चे बीमार हो गए। सभी रोगियों को गुरुवार रात केकड़ी के राजकीय चिकित्सालय लाया गया। अंदेशा है कि भीषण गर्मी की वजह से यह फूड प्वाइजनिंग हुई।
जहां उनका उपचार शुरू किया गया। राजकीय जिला चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन जांगिड़ के अनुसार सामूहिक भोज में भोजन करने के बाद कुछ लोगों को उल्टी, दस्त की शिकायत हुई। पेट की गड़बड़ी से हड़कंप मच गया। गांव में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें केकड़ी लाया गया। देर रात तक बीमारों की संख्या 100 को पार कर चुकी थी। इनमें से पांच रोगियों को भर्ती किया गया है। इनमें से सत्यनारायण धाकड़ (49) व शंकर लाल (35) को हालत गंभीर होने पर उन्हें अजमेर रेफर किया गया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार हनुमान प्रसाद जाट (25), लीला धाकड़ (27) व सीता देवी जाट (38) को भर्ती किया गया है। शेष अन्य मरीजों को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। फूड प्वाइजनिंग से एक साथ इतने लोगों के बीमार होने से अस्पताल परिसर में हाहाकार मच गया। हर ओर फूड प्वाइजनिंग से बीमार मरीज नजर आ रहे थे। बताया गया कि यह कार्यक्रम किसी शादी समारोह का था। जिसमें भोजन करने के बाद लोगों को यह तकलीफ आई। जानकारी के अनुसार यह सामूहिक बहुत सत्यनारायण धाकड़ के यहां हुआ था। जहां बेटे की शादी का कार्यक्रम होना बताया गया है। वहीं प्राथमिक तौर पर मावे से यह फूड प्वाइजनिंग होने की बात सामने आई है। नासिरदा थाना पुलिस ने मावे को अधिकार में ले लिया है।
इधर, उपखंड अधिकारी देवली दुर्गा प्रसाद मीणा बीजवाड़ के लिए रवाना हुए हैं। वहीं उपखंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी की टीम भी मौके पर जाएगी व जांच करेगी। इसी तरह टोंक खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को भी सूचित किया जा रहा है।


