किशोर की डूबने से हुई मौत
Deoli News 18 नवम्बर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका क्षेत्र के बोयड़ा गणेश जी मंदिर के समीप बनास नदी में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। मंगलवार शाम से लापता किशोर का शव बुधवार सुबह तलाश के दौरान नदी से बाहर निकाला गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान पीयूष पुत्र चरण सिंह मीणा निवासी सावंतगढ़, हाल निवासी कुचलवाड़ा रोड देवली के रूप में हुई है। बताया गया कि किशोर के पिता श्रीनगर क्षेत्र में फौज में है। जानकारी के अनुसार किशोर मंगलवार को स्कूटी लेकर घर से अकेला निकला था। रात को बोयड़ा गणेश जी मंदिर के समीप उसकी स्कूटी और चप्पल मिलने पर उसके नदी में डूबने की आशंका जताई गई। इसके बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने मंगलवार शाम से देर रात तक नदी में उसकी तलाश की। कुछ परिजन रातभर घटनास्थल पर ही रुके रहे। बुधवार सुबह दोबारा तलाश अभियान शुरू किया गया। घटना की सूचना पर सुबह गणेश मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष गिरिराज जोशी भी मौके पर पहुंचे थे।
ग्रामीण और उनके सुझाव से रस्सी और बलाई की मदद से तलाश के दौरान किशोर का शव नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को देवली राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। किशोर का शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। बताया गया कि किशोर के घर से निकलने के बाद उसकी बहने भी उसके पीछे आई थी। मौके पर दोनों बहने भी मौजूद थी।

हालांकि घटनाक्रम किन परिस्थितियों में हुआ, इसका फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। परिजनों की ओर से पुलिस को रिपोर्ट दिए जाने के बाद ही पूरे मामले के घटनाक्रम और परिस्थितियों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


