बीसलपुर क्षेत्र में अब भी जारी है अवैध मत्स्य आखेट, पुलिस को करनी पड़ रही कार्रवाई
Deoli News 15 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली पुलिस ने अवैध मछली परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक पिकअप से करीब 500 किलोग्राम मृत मछलियां जब्त की हैं। यह कार्रवाई गत 13 नवंबर की रात गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर की गई।
थाना प्रभारी प्रीति रत्नू के निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक सत्यनारायण ने पुलिस टीम के साथ जयपुर रोड स्थित सिद्धार्थ होटल के सामने नाकाबंदी कर संदिग्ध पिकअप रुकवाया। तलाशी लेने पर वाहन में तिरपाल के नीचे रखे 17 आइस बॉक्स में बर्फ से ढकी करीब 500 किलो मृत मछलियां मिलीं। चालक के पास मछलियों के परिवहन से संबंधित कोई वैध रवन्ना या लाइसेंस नहीं मिला। पुलिस ने पिकअप और मछलियों को जब्त कर चालक राजेंद्र उर्फ महावीर कीर (21) निवासी पनवाड़ के खिलाफ राजस्थान मत्स्य अधिनियम एवं बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पूछताछ में चालक ने मछलियां पंकज मीणा निवासी पारलिया द्वारा भरवाया जाना बताया। जब्त मछलियों के निस्तारण के लिए मत्स्य विभाग को सूचित किया गया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक भरत सिंह को सौंपी गई है।
मत्स्य विभाग की सक्रियता पर सवाल
बीसलपुर क्षेत्र में अवैध मत्स्य आखेट और मछलियों के अवैध परिवहन का मामला एक बार फिर सामने आया है। करीब 500 किलो मछलियों की बरामदगी से स्पष्ट है कि क्षेत्र में अब भी अवैध रूप से मछलियों का शिकार और परिवहन हो रहा है। उल्लेखनीय है कि अवैध मत्स्य आखेट पर निगरानी रखने और नियमानुसार कार्रवाई करने की मुख्य जिम्मेदारी मत्स्य विभाग की है, लेकिन ऐसे मामलों में अधिकांश कार्रवाई पुलिस को करनी पड़ रही है। सवाल यह है कि जब बीसलपुर क्षेत्र में लगातार अवैध मत्स्य आखेट की आशंका बनी हुई तो सवाल मत्स्य विभाग की ओर से नियमित निगरानी और प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।
इतनी बड़ी मात्रा में मछलियों की बरामदगी के बाद विभाग की सक्रियता और क्षेत्र में अवैध मत्स्य आखेट पर रोक लगाने की व्यवस्था को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
पिछली न्यूज़:-
बांध में अवैध मछली पकड़ते 6 आरोपी गिरफ्तार, 35 किलो मृत मछलियां और दो नाव जब्त


