Deoli News 2 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) स्थानीय विधायक राजेंद्र गुर्जर सोमवार को देवली पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भाजपा नेता व शहर मंडल देवली के पूर्व महामंत्री बद्रीलाल चौधरी के निधन पर आयोजित शोक सभा में पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।
विधायक ने दिवंगत चौधरी के पुत्र एवं नगर पालिका पार्षद कुलदीप चौधरी तथा संदीप चौधरी से मुलाकात कर परिवार को ढांढस बंधाया। साथ ही निधन को लेकर परिजनों से जानकारी ली। गौरतलब है कि भाजपा नेता बद्रीलाल चौधरी का गत 2 दिन पूर्व उपचार के दौरान निधन हो गया था। दिवंगत बद्रीलाल चौधरी विधायक गुर्जर के करीबी नेताओं में थे।
चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी
इसके बाद विधायक ने पंचायत समिति एवं जिला परिषद चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि चुनाव को लेकर भाजपा ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। विधायक ने विभिन्न वार्डों में एक-एक पार्षद एवं भाजपा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी। सभाओं में उन्होंने कहा कि देवली एवं उनियारा पंचायत समितियों में भाजपा के प्रधान बनेंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने ग्रामीणों से भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन की अपील करते हुए कहा कि देश और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है। अब पंचायत समिति एवं जिला परिषद में भी भाजपा के जनप्रतिनिधियों को जिताकर ट्रिपल इंजन की सरकार बनाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिल सके। इस दौरान पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि तनसुख बैरवा, पालिका उपाध्यक्ष नेमीचंद जैन, पार्षद व भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।



