लाइटिंग व ट्रैफिक व्यवस्था पर मिले
Deoli News 2 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दीपावली पर्व एवं आगामी चुनाव को लेकर सोमवार को देवली उपखंड अधिकारी कार्यालय में शांति समिति की बैठक आयोजित हुई।
एसडीओं रूबी अंसार की अध्यक्षता में हुई बैठक में सीएलजी सदस्य एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी शामिल हुए। बैठक में दीपावली के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ बाजार में लाइटिंग और यातायात व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। बैठक में सदस्यों ने दीपावली पर बाजार में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने, रास्तों पर जाम की स्थिति नहीं बनने देने तथा पटाखों की दुकानों को निर्धारित दूरी पर लगाने के सुझाव दिए।
साथ ही पटाखा विक्रेताओं को दुकानों पर अग्निशमन सिलेंडर रखने के लिए भी कहा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। अंसार ने बताया कि सदस्यों से प्राप्त सुझावों पर आवश्यक व्यवस्थाएं करवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने आगामी चुनाव को लेकर संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी भी मांगी। उन्होंने कहा कि दीपावली के साथ चुनाव का पर्व भी शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो तथा अधिकाधिक लोग चुनाव प्रक्रिया में भागीदारी निभाएं।
बैठक में देवली डीएसपी मदनलाल ढाका, नगर पालिका पार्षद सौरभ जिंदल व कई विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।


