Deoli News 23 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) स्थानीय थाना पुलिस ने रविवार को गश्त के दौरान एक बाइक चोर को पकड़ा है। जिसके पास से पूर्व में दर्ज प्रकरण की वांछित बाइक भी बरामद हुई हैं।
पुलिस ने बताया कि यह आरोपी दिलीप पुत्र दुर्गालाल रेगर निवासी रेगर मोहल्ला जहाजपुर व हाल निवासी प्रताप कॉलोनी देवली है। गश्त के दौरान हेड कॉन्स्टेबल बद्रीलाल यादव को सूचना मिली कि एक युवक प्रताप कॉलोनी में बाइक बेचने की फिराक में है। हेडकांस्टेबल यादव पुलिसकर्मियों के साथ शमशान घाट के पास पहुंचे। जहां प्रताप कॉलोनी की ओर से एक युवक आता दिखाई दिया। जिसे रोक कर पूछताछ किए जाने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। वहीं पुलिस को देखकर घबरा गया।
वहीं इस दौरान जांच किए जाने पर यह बाइक चोरी की निकली। जिसे वह बेचने की फिराक में था। जिसे पुलिस ने आरोप प्रमाणित होने पर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि उक्त बाइक चोरी को लेकर गत 6 जून को बादल वर्मा निवासी पनवाड़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया कि गत 25 मई को वह शादी समारोह में गया था। जहां बाहर खड़ी बाइक किसी ने चुरा ली। पुलिस आरोपी दिलीप से अन्य बाइक चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ करेगी।



