ग्रामीणों ने बैठक में चर्चा की
Deoli News 28 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) गांवड़ी पंचायत के रघुनाथपुरा स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय की हालत खराब होने के चलते ग्रामीणों और विद्यालय स्टाफ ने हाल ही में एक बैठक आयोजित की।
बैठक में विद्यालय के जीर्ण-शीर्ण कमरों की समस्या पर चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को लिखित में सूचना देने का निर्णय लिया गया। बैठक में सामने आया कि विद्यालय के कमरों में कई जगह दीवारों पर दरारें आ रही हैं और छतों से पानी टपक रहा है, जिससे विद्यालय के कक्षा कक्ष में लगे पंखे और लाइटें खराब हो गई हैं। ग्रामीणों ने प्रस्ताव लिया कि दो कमरों की ज्यादा हालत खराब है और वे ध्वस्त भी हो सकते हैं। प्रधानाध्यापक कन्या मीना ने मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी देवली को पत्र लिखकर विद्यालय के कक्षा-कक्षों और शौचालय की मरम्मत करवाने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की दीवारों में दरारें आ गई हैं और पानी टपकने से शीलन रहती है, जिससे कभी भी कोई हादसा हो सकता है। ग्रामीणों और विद्यालय स्टाफ ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय के कमरों की मरम्मत करवाई जाए।
इस दौरान पूर्व सरपंच गोवर्धन मीना, ग्रामीण सुरेश, रायसिंह, जितेंद्र, भरतराज, रामकुवार, रामप्रताप, गोकुल, गोपाल सहित कई मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों झालावाड़ जिले में सरकारी स्कूल भवन के ध्वस्त होने के बाद सभी जगह पर ग्रामीण जागरूक हो गए हैं और क्षतिग्रस्त कक्षाओं व भवनों की मरमत पर ध्यान देने लगे है।



