Deoli News 28 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बीसलपुर बांध के पूर्ण जल भराव के बाद रेडियल गेट के माध्यम से अतिरिक्त पानी की निकासी का मनमोहक नजारा देखने के लिए सोमवार को लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
वहीं सावन के तीसरे सोमवार को गोकणेश्वर महादेव मंदिर और बांध स्थल पर हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ रही। राजमहल मोड़ से बीसलपुर मार्ग तक दर्जनों पदयात्रा जाती रही। डेम पर लोगों ने भगवान शिव के दर्शन कर ओवरफ्लो बांध का नजारा देखा। सैकड़ों की संख्या में वाहनों की भीड़ के कारण पुलिस को व्यवस्था के लिए मशक्कत करनी पड़ी। बता दें कि सोमवार को भी बांध के 6 रेडियल गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है। टोंक, देवली, अजमेर, जयपुर, बूंदी और कोटा समेत इलाकों के लोग बीसलपुर बांध पर पर्यटन की दृष्टि से पहुंच रहे हैं। सावन के सोमवार ने भी श्रद्धालुओं को आकर्षित किया है।
बांध का पूर्ण जल भराव आरएल 315.50 मीटर है, और पानी की निकासी के लिए बांध के 6 गेट खोले गए हैं। इससे बांध के जल स्तर को नियंत्रित करने में मदद मिल रही है। बांध के गेट खोलने से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को अलर्ट जारी किया गया है और उन्हें नदी के किनारे से हटने की चेतावनी दी गई है। देवली निवासी सुनील कुमावत, अमिश अरोड़ा, नोरत सोनी, शिवचरण ने बताया कि उन्होंने बांध पर इतनी भीड़ कभी नहीं देखी। हर तरफ लोगों की भीड़ दिखाई दी। सैलानी उक्त मनमोहक नजारे को कैमरे में कैद कर रहे हैं।



