उपखंड अधिकारी ने बारिश के बाद की स्थिति का लिया जायजा
Deoli News 28 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) उपखंड अधिकारी रुबी अंसार ने रविवार रात देवली में हुई भारी बारिश के बाद सोमवार को देवली के ग्रामीण क्षेत्र का दौरा कर स्थित का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय देवली गांव का जायजा लिया।
जहां विद्यालय मैदान में पानी भरा हुआ पाया गया। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगरपालिका देवली को पानी की निकासी के लिए निर्देश दिए। इसके अलावा उपखंड अधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र देवली गांव, तालाब देवली गांव और नेकचाल रोड का निरीक्षण किया। यहां आंगनबाड़ी केंद्र के भवन की स्थिति संतोषजनक नहीं होने पर उन्होंने विभागीय कार्मिकों को आवश्यक निर्देश दिए। देवली गांव तालाब में पानी निकासी के लिए पाइप रखने के लिए अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित किया गया।
उपखंड अधिकारी ने देवली शहर में नालों के पानी निकासी का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के बाद की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे है। उल्लेखनीय है कि देवली शहर व ग्रामीण इलाकों में रविवार रात मूसलाधार बारिश हुई। देवली में चार इंच से अधिक बारिश रिकार्ड की गई।
देवली में 4 इंच से अधिक बारिश, पनवाड़ सागर पर चली खुशियों की चादर


