Desk News 28 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जिला प्रशासन टोंक ने जिले के लोगों से लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए सतर्कता बरतने की अपील की है। दरअसल जिले में 28 जुलाई तक वार्षिक औसत वर्षा 654.94 एमएम के मुकाबले में 673.62 एमएम बारिश हो चुकी है, जो कि 102.85 प्रतिशत है।
जिले में करीब-करीब सभी छोटे-बड़े बांध शत प्रतिशत भर चुके है। बीसलपुर बांध में भी लगातार पानी आवक होने एवं 6 गेटो के खोले जाने से बनास नदी में पानी का बहाव बहुत तेज है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने बनास नदी के बहाव क्षेत्र एवं अन्य नदी-नालों, तालाबों, छोटे-बड़े बांधों एवं एनिकटों से नागरिकों, मछुआरों, पशुपालकों तथा पर्यटकों को दूर रहने की अपील की है। आमजन जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष कलेक्ट्रेट टोंक के फोन नंबर 01432-245035 एवं टोल फ्री नं 1077 पर संपर्क कर सकते है।
रोजगार सहायता शिविर 31 को
जिला प्रशासन एवं रोजगार कार्यालय की ओर से 31 जुलाई को रोजगार सहायता शिविर का आयोजन जिला रोजगार कार्यालय में किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी राजकुमार मीना ने बताया कि शिविर में निजी कंपनी बेरोजगार युवकों को मौके पर ही रोजगार उपलब्ध कराएगी।
साथ ही राजस्थान कौशल विकास निगम एवं बड़ौदा स्वरोजगार विकास निगम द्वारा बेरोजगार युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए आवेदन तैयार किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बेरोजगार आशार्थी को 2 फोटो सभी मूल शैक्षिक दस्तावेज एवं अपना बायोडाटा साथ लाना होगा।


