Deoli News 4 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राष्ट्रीय राजमार्ग कोटा रोड पर टीकड़ गांव के समीप शनिवार रात एक तेज रफ्तार कार ने टेंपो को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में टेंपो सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई।
जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को लेकर मृतक के पुत्र ने हनुमान नगर थाना पुलिस को लिखित रिपोर्ट सौंपी है। जानकारी के अनुसार केसरपुरा निवासी 45 वर्षीय शिवजीराम मीणा पुत्र हेमसिंह मीणा और दुर्गालाल मीणा शनिवार रात करीब 7:30 बजे देवली से टेंपो चलाकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान चामुंडा होटल के पास पीछे से आ रही एक अनियंत्रित कार ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो सड़क पर घिसटता हुआ नीचे जाकर पलट गया।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय होटलकर्मियों और राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को टेंपो से बाहर निकाला और देवली चिकित्सालय पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान शिवजीराम मीणा पुत्र हेमसिंह मीणा) की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई। वहीं उनके साथ मौजूद दुर्गालाल मीणा पुत्र सोहनलाल मीणा गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका फिलहाल अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



