Deoli News 17 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में अजमेर डिपो की एक रोडवेज बस के चालक की बड़ी लापरवाही मंगलवार को उस समय सामने आई, जब उसने करीब 50 यात्रियों की जान जोखिम में डाल दी।
जानकारी के अनुसार बूंदी से अजमेर जा रही इस बस के यात्रियों के अनुसार चालक शुरुआत से ही बस को बेहद खतरनाक तरीके से चला रहा था। देवली पहुंचते ही बावड़ी बालाजी के पास चालक ने बस पर नियंत्रण खो दिया और स्टेशनरी की दुकान के पास बस सीधे एक कपड़े की दुकान की ओर चली गई। इस दौरान वहां मौजूद एक बालक बस की चपेट में आने से बाल-बाल बचा, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
उन्होंने बस को रुकवा लिया। सूचना मिलते ही देवली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हंगामे और कार्रवाई के दौरान बस काफी देर तक मौके पर खड़ी रही, जिससे अजमेर जाने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाद में यात्री अन्य बसों से रवाना हुए। संभावना जताई गई है कि चालक नशे में था।



