Deoli News 29 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के कल्याणपुरा स्थित सीता राम मंदिर में चल रही भागवत कथा के छठे दिन कथावाचक तुलसीराम शास्त्री ने भगवान कृष्ण के जीवन प्रसंगों का वर्णन किया।
उन्होंने भगवान कृष्ण द्वारा पृथ्वी से दुष्टों के नाश और धर्म की स्थापना पर विशेष जोर दिया। कथा के दौरान जरासंध वध, शिशुपाल वध, रुक्मिणी विवाह, शंखासुर वध और द्वारिका नगरी के निर्माण की कथाएं भक्तों को सुनाई गईं।यहां कृष्ण और रुक्मिणी की भव्य झांकी सजाई गई। कथा के दौरान रुक्मिणी हरण, रुक्मैया के साथ युद्ध, भगवान के पुत्र प्रद्युम्न के जन्म और अनिरुद्ध-उषा की प्रेम कथा तथा बाणासुर के साथ युद्ध का वर्णन किया गया। साथ ही भगवान कृष्ण द्वारा 16 हजार 108 रानियों से विवाह और स्यमंतक मणि की कथा भी सुनाई गई। शास्त्री ने कहा कि भागवत का श्रवण करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है।
इस दौरान मीडियाकर्मी हरिशंकर सैनी ने व्यासपीठ का सम्मान किया। रुक्मिणी विवाह के प्रसंग पर महिलाओं ने नृत्य किया। कथा की पूर्णाहुति शनिवार को होगी, जिसमें परीक्षित मोक्ष और भागवत महात्म्य का पाठ किया जाएगा।


