अनियंत्रित होकर पत्थर से टकराई कार, दो जने घायल
Deoli News 1 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली के समीप रीको औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार अल सुबह एक सड़क हादसा हुआ। जब कोटा की ओर जा रही एक कार असंतुलित होकर सड़क किनारे पत्थर से जा टकराई।
इस दौरान कार में रखी जामुन और सब्जियों पर लोग टूट पड़े।हादसे में कार में सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें देवली उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। देवली पुलिस के एएसआई सीताराम के अनुसार घटना उस समय हुई, जब ये लोग पुष्कर से कोटा की ओर जा रहे थे। पुलिस के अनुसार कार चलाते समय चालक को सम्भवतः अचानक नींद की झपकी आ गई, जिस कारण वाहन पर नियंत्रण खो गया और वह अनियंत्रित होकर पत्थर से टकरा गई। इस दौरान आसपास के ग्रामीण व राहगीर मौके पर रुके। वही कार में रखे जामुन, सब्जी लूट लिए। महिला, पुरुष, जिसके जो हाथ में आया। वह लेकर चंपत हो गए। यहां तक की वृद्ध महिला भी इसमें पीछे नहीं रही। उस दौरान सूचना पर देवली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू करते हुए दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घायलों की पहचान सकतपुरा तहसील अटरू निवासी भुवनेश गौतम पुत्र मांगीलाल और राणपुर, कोटा निवासी रूपचंद पुत्र रामप्रताप कुशवाह के रूप में हुई है। ये दोनों कोटा में फल-सब्जी की दुकान चलाते हैं। हादसे के वक्त इनकी गाड़ी में जामुन, ग्वार फली और रंगीन शिमला मिर्च भरी हुई थी, जो कोटा ले जाई जा रही थी। देवली उपजिला अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार दिया।
लेकिन उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोटा रैफर कर दिया गया। वहीं, पूरे मामले को लेकर दोनों घायलों ने किसी भी तरह की रिपोर्ट नहीं दी। वही सब्जियां लूटकर ले जाने का वीडियो भी सामने आया है।


