एवीवीएनएल अभियंताओं की शह व ठेकेदारों की मनमानी उजागर
Jahazpur News 2 जुलाई (मोहम्मद आज़ाद नेब) जहाजपुर क्षेत्र के ग्राम बिहाड़ा में कृषि विद्युत कनेक्शनों को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। क्षेत्र के किसानों का कहना है कि उन्होंने कृषि विद्युत कनेक्शन के लिए निर्धारित डिमांड राशि काफी पहले जमा करा दी।
लेकिन आज तक उन्हें कनेक्शन जारी नहीं किए गए हैं। वहीं दूसरी ओर ठेकेदारों की कथित मनमानी के चलते एक कृषि विद्युत कनेक्शन नदी किनारे स्थापित कर दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि एक कुएं पर स्वीकृत कृषि विद्युत कनेक्शन को नियमानुसार शिफ्टिंग की प्रक्रिया पूरी किए बिना ही नदी किनारे स्थापित कर दिया गया। इससे नियमों की अनदेखी होने के साथ-साथ निगम को लाखों रुपए के राजस्व की चपत लगने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पूरे मामले की जानकारी संबंधित अभियंताओं को होने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
जिससे ठेकेदारों की मनमानी पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। इस संबंध में एवीवीएनएल के एक्सईएन एपी नागर ने बताया कि, “यह मामला उनके संज्ञान में पहले ही आ चुका था। संबंधित एईएन को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अभी तक जांच रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है।
इस संबंध में एईएन को दोबारा रिमाइंडर जारी करेंगे, ताकि जांच रिपोर्ट शीघ्र प्राप्त हो सके।


