Deoli News 15 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) थाना देवली क्षेत्र के गावड़ी गांव में शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे खेत पर गायों व मवेशियों को पानी पिलाते समय एक व्यक्ति पुराने कुएं में गिर गया। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस और ग्रामीणों की जानकारी के अनुसार गावड़ी निवासी बद्रीलाल पुत्र कानाराम माली खेत पर बटाईदार के रूप में खेती का काम करता था। पुलिस के अनुसार यह खेत अभिमन्यु सिंह का बताया गया है। शनिवार दोपहर वह खेत पर जानवर चरा रहा था। इसी दौरान गायों को पानी पिलाते समय अचानक कुएं में गिर गया और डूब गया। ग्रामीणों ने बताया कि अंदर झाड़ियां होने से वह उलझ गया और डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया। देवली चिकित्सालय की मोर्चरी में रखा गया। मृतक के भाई का बेटा रामदेव भी मौके पर मौजूद रहा। पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक बद्रीलाल की कोई पुत्र और पत्नी नहीं है। उसके बड़े भाई के बेटे रामदेव को वह अपने पुत्र की तरह रखता था। मामले में रामदेव ने ही हादसे की थाना पुलिस को रिपोर्ट दी है।


