Wednesday, August 26, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeBjpभाजपा का देवली में निकाय चुनाव आगाज, विधायक गुर्जर बोले-बनेगा भाजपा का...

भाजपा का देवली में निकाय चुनाव आगाज, विधायक गुर्जर बोले-बनेगा भाजपा का बोर्ड

  • भाजपा का निकाय कार्यकर्ता सम्मेलन

  • 35 वार्डों में 175 दावेदारों के आवेदन

  • भाजपा की रणनीति, जिताऊ उम्मीदवारों को टिकट देने पर रहेगा फोकस


Deoli News 26 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर निकाय चुनावों की घोषणा एवं आचार संहिता लागू होने के बाद चुनावी तैयारियों ने गति पकड़ ली है। इसे लेकर मंगलवार शाम भाजपा शहर मंडल देवली की ओर से अग्रवाल विश्राम गृह में निकाय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया।

मीडिया प्रभारी नगर मंडल सुमित गौतम ने बताया कि सम्मेलन में देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर के मुख्य आतिथ्य तथा निकाय चुनाव प्रभारी अनमोल सिंह तोमर की मौजूदगी में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं टिकट के संभावित दावेदारों के साथ चुनावी तैयारियों और टिकट चयन प्रक्रिया को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। यहां विधायक राजेंद्र गुर्जर ने भाजपा कार्यकर्ताओं से सभी 35 वार्डों में बूथ स्तर तक सक्रिय होकर आमजन से संपर्क बढ़ाने और पार्टी की नीतियों एवं उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में भाजपा विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी तथा देवली नगर पालिका में भाजपा का बोर्ड बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को बिना किसी मनमुटाव के एकजुट होकर कार्य करना होगा।

विधायक गुर्जर ने कहा कि पार्टी की ओर से ऐसे उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा, जो जिताऊ और टिकाऊ हों। भाजपा के निष्ठावान, ईमानदार और मेहनती कार्यकर्ताओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा। साथ ही जिन कार्यकर्ताओं ने वर्षों तक पार्टी को मजबूत बनाने और संगठन को खड़ा करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, उनके योगदान को भी टिकट चयन के दौरान ध्यान में रखा जाएगा। उन्होंने उपचुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस उत्साह और एकजुटता के साथ कार्यकर्ताओं ने उन्हें देवली से पांच हजार से अधिक मतों से विजय दिलाई थी, उसी तरह नगर निकाय चुनाव में भी सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का बोर्ड बनने से ट्रिपल इंजन सरकार के माध्यम से देवली कस्बे के विकास को और गति मिलेगी।

निकाय चुनाव प्रभारी अनमोल सिंह तोमर ने बताया कि भाजपा की ओर से सभी वार्डों में सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे में जिस उम्मीदवार की जीत की संभावना अधिक होगी, उसे टिकट चयन में प्राथमिकता दी जाएगी। संबंधित वार्ड का स्थानीय निवासी होना भी उम्मीदवार चयन में महत्वपूर्ण रहेगा। उन्होंने बताया कि देवली नगर पालिका के कुल 35 वार्डों के लिए अब तक करीब 175 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं तथा आवेदन आने का क्रम जारी है। संभावित उम्मीदवारों के साक्षात्कार लेकर उनकी दावेदारी और चुनावी तैयारियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है, जिससे टिकट चयन प्रक्रिया में आसानी हो सके।
सम्मेलन के बाद बंद कमरे में वार्डवार नगर निकाय चुनाव लड़ने के इच्छुक संभावित उम्मीदवारों से अलग-अलग चर्चा की गई और उनकी दावेदारी, जनसंपर्क तथा चुनावी तैयारियों को लेकर जानकारी ली गई।

निवर्तमान पालिका अध्यक्ष नेमीचंद जैन ने विधायक राजेंद्र गुर्जर के नेतृत्व में देवली में भाजपा का बोर्ड बनने का दावा करते हुए कहा कि पूरी टीम मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीढ़ बताते हुए संगठन की मजबूती पर जोर दिया। सम्मेलन में भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष अंकित जैन, नगर निकाय संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष, सह संयोजक मुकेश कुमार जैन, सुरेश अग्रवाल, निवर्तमान पालिका अध्यक्ष नेमीचंद जैन, पूर्व पालिका अध्यक्ष रतन मंगल, पूर्व आईएएस शिवजीराम मीणा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं वरिष्ठजन उपस्थित थे।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here