Deoli News 27 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के पुराने देवली-केकड़ी रोड पर मालेड़ा के पास बीसलपुर बांध के जलभराव क्षेत्र में सड़क किनारे बनी सुरक्षा दीवार ढहने से हादसे का खतरा उत्पन्न हो गया है।

बताया गया कि सुरक्षा दीवार में करीब एक वर्ष से छेद था, जिसकी शिकायत पूर्व में भी की गई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार शिकायत के बाद क्षतिग्रस्त हिस्से की स्थाई मरम्मत करने के बजाय उसमें मिट्टी डाल दी गई। हाल ही में गत 2 दिन पहले हुई बारिश के दौरान पानी के तेज बहाव से यह मिट्टी बह गई और कमजोर हो चुकी दीवार वाहनों के लगातार दबाव के कारण ढह गई। वर्तमान में क्षतिग्रस्त स्थान के दोनों ओर केवल दो पाइप लगाए गए हैं, जो सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त नहीं हैं। यह मार्ग जलभराव क्षेत्र से होकर गुजरता है, ऐसे में रात के समय या तेज गति से आने वाले वाहन चालकों के लिए अथवा दो वाहनों के आमने-सामने से क्रॉस होने की स्थिति में यहां हादसे की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटना होने से पहले क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार का तकनीकी जांच के बाद मजबूत एवं स्थाई निर्माण कराया जाए तथा मरम्मत होने तक मौके पर उचित बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेत और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाए।


