Deoli News 10 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली थाना पुलिस ने अवैध खनन परिवहन की रोकथाम और विभिन्न आपराधिक मामलों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। पहले मामले में पुलिस गश्त के दौरान गणेश रोड पर अवैध बजरी भरकर ला रहे एक महिन्द्रा 475 डीआई बिना नंबरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रुकवाने का प्रयास किया गया।
चालक ने पुलिस को देखकर सड़क पर बजरी बिखेर दी और आगे जाकर वाहन को माइंड की खड्डा कर बबूलों की आड़ में फरार हो गया। पुलिस ने करीब 6 टन अवैध बजरी सहित ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर बीएनएस व एमएमडीआर एक्ट में मामला दर्ज किया, जिसकी जांच एएसआई इमरान खान कर रहे हैं। जबकि दूसरे मामले में भीवड़ावास निवासी पीड़िता अफसाना बानो ने अपने पति मोहम्मद साहिल व सास नजमा निवासी हथोड़िया, भीलवाड़ा के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि 3 माह की गर्भवती होने के बावजूद नशे के आदी पति व सास ने उसके पेट पर लात-घूंसे मारे और दुपट्टे से गला घोंटकर जान से मारने का प्रयास किया। पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच एएसआई शिवराज को सौंपी है।
इसी तरह तीसरे मामले में चांदली की झोपड़ियां निवासी गणेश बैरवा ने रिपोर्ट दी कि उसके माता-पिता सीताराम व सायरी देवी रामदेव मंदिर के बाहर बैठे थे। तभी गांव के ही इंद्रराज, देवराज, भंवरलाल सहित अन्य लोगों ने रास्ता रोककर उनके साथ गंभीर मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं और उन्हें देवली अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच एएसआई बजरंग लाल के जिम्मे सौंपी है।



