Deoli News 24 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) ग्राम रतनपुरा में पांचवीं 108 श्रीरामचरितमानस पाठ के समापन एवं पूर्णाहुति के अवसर पर मंगलवार को हरिबोल रामधुनी प्रभात फेरी का श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजन किया गया। इसमें 12 गांवों से आए रामधुनी मंडलों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
प्रभातफेरी में श्रद्धालु हाथों में धर्मध्वजा लेकर राम नाम का संकीर्तन करते हुए भक्ति में लीन नजर आए। इस दौरान ठाकुरजी महाराज की आकर्षक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। प्रभातफेरी रामधुनी बालाजी महाराज मंदिर से शुरू होकर बड़े बालाजी मंदिर होते हुए पूरे गांव में निकाली गई। आयोजन में बालाजी कॉलोनी, नासिरदा, तितरिया, नया गांव, थली, रघुनाथपुरा, हिसामपुर, थांवला, बीजवाड़, कुमारिया और रामपुरा सहित विभिन्न गांवों के रामधुनी मंडल शामिल हुए। गांव में जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर रामधुनी मंडलों का स्वागत किया तथा प्रसाद वितरण किया। जय श्रीराम के जयकारों और रामधुन से पूरा गांव भक्तिमय हो उठा। सरपंच अमरजीत धाकड़ ने बताया कि यह आयोजन सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और प्रभु श्रीराम के प्रति अटूट श्रद्धा का प्रतीक रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
मोतियाबिंद ऑपरेशन के मरीज फॉलोअप शिविर में स्वस्थ मिले
जनसेवा समिति देवली एवं सहाय हॉस्पिटल जयपुर आई रिसर्च सेंटर सोसाइटी की ओर से जिला अंधता निवारण समिति जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद फॉलोअप शिविर आयोजित किया गया। इसमें लेंस प्रत्यारोपण करवाने वाले सभी 10 मरीज स्वस्थ पाए गए। नेत्र विशेषज्ञ डॉ. ज्योति पचार ने आंखों की रोशनी एवं दूर-नजदीक की दृष्टि की जांच की। मरीजों को दवाइयां, विजन चश्मे और आंखों की देखभाल संबंधी सावधानियों की जानकारी दी गई।
कैम्प संयोजक कन्हैयालाल लुनिवाल ने बताया कि मरीजों को अगली जांच के लिए 15 दिसंबर को बुलाया गया है। शिविर में सत्यनारायण गोयल, प्रहलाद शर्मा, सुरेंद्र सिंह शक्तावत, महेंद्र कुमार जोशी एवं नवल जांगिड़ ने सेवाएं दी।


