Deoli News 25 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बीसलपुर बांध की दाई एवं बाई मुख्य नहर से बुधवार को सिंचाई के लिए पानी छोड़ा गया। गत दिनों जिला कलक्टर की अध्यक्षता में आयोजित जल वितरण समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के बाद पूजा-अर्चना कर नहरों में जल प्रवाह शुरू किया गया।
रेगुलेटर खोलते ही दोनों नहरों में पानी बहने लगा। बीसलपुर परियोजना के अधीक्षण अभियंता मनीष बंसल के अनुसार दोनों मुख्य नहरों में कुल 160 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। नहरों के माध्यम से क्षेत्र के 256 गांवों और कस्बों की करीब 81 हजार 800 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होगा। इस दौरान सहायक अभियंता दिनेश बैरवा तथा कनिष्ठ अभियंता शीना यादव, रिंकी मीणा एवं पूरण बैरवा मौजूद रहे।
नहरों में पानी पहुंचने के साथ ही किसानों ने खेतों में सिंचाई की तैयारियां शुरू कर दी हैं। सिंचाई के लिए पानी मिलने से क्षेत्र के किसानों को राहत मिलेगी और कृषि कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।


