Deoli News 28 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) आयुष्मान आरोग्य मन्दिर का बुधवार को एजेंसी एरिया बैरवा बस्ती सामुदायिक भवन के पास का शुभारंभ हुआ। इस आरोग्य मंदिर का उपजिला अस्पताल प्रभारी डॉ. राजकुमार गुप्ता ने फीता काटकर उद्घाटन किया।
आयुष्मान आरोग्य मन्दिर एजेंसी एरिया के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अक्षय चौधरी, आयुष्मान आरोग्य मन्दिर बंगाली कॉलोनी के डॉ. सुखविंदर सिंह चौधरी, सीनियर नर्सिंग अधिकारी जिनेन्द्र बिलाला भी उपस्थित रहे। इस आयुष्मान आरोग्य मन्दिर में मेडिकल ओपीडी, हाउस सर्वे, एएनएम द्वारा वैक्सीनेशन सहित सुविधाएं दी जाएगी। इसका उद्देश्य स्थानीय निवासियों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना है। शुभारंभ पर उपस्थित अधिकारियों और चिकित्साकर्मियों ने आयुष्मान आरोग्य मन्दिर की सेवाओं की सराहना की और स्थानीय लोगों से इसका लाभ उठाने का आग्रह किया। यहां सीमित मात्रा में नि:शुल्क दवाइयां भी दी जाएगी। गौरतलब है कि देवली में बंगाली कॉलोनी और एजेंसी एरिया समेत दो जगहों पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हो रहे हैं।



