-
दो आरोपी गिरफ्तार
-
एक बाल अपचारी निरुद्ध
-
गत 22 मई को हुई थी वारदात
Jahazpur News 28 मई (मोहम्मद आज़ाद नेब) स्वस्तिधाम जैन मंदिर में गत 22 मई की मध्यरात्रि हुई डेढ़ करोड़ रुपए की चोरी की वारदात का पुलिस ने बुधवार को पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया है। मंदिर से सोने-चांदी से निर्मित सूर्याकार भामंडल, कछुआ व श्री यंत्र चोरी हुए थे, जो मंदिर की मूर्ति का हिस्सा था।
यह है वारदात का विवरण
गौरतलब है कि गत 23 मई को मंदिर समिति के मंत्री पारस कुमार जैन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 22 मई की रात 12 से एक बजे के बीच एक अज्ञात व्यक्ति ने मुनिसुव्रतनाथ दिगंबर जैन मंदिर में सेंधमारी कर करीब 1305 ग्राम सोने व 3 किलो चांदी से निर्मित मूर्ति का भामंडल, कछुआ व श्री यंत्र चोरी कर लिया। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई थी।
टीम गठित कर जांच शुरू की
मामला अत्यंत संवेदनशील और धार्मिक भावना से जुड़ा होने के कारण पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश में विशेष टीमों का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य, वृताधिकारी नरेन्द्र पारीक और थानाधिकारी राजकुमार की निगरानी में जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण कर आरोपी के हुलिए के आधार पर उसकी गतिविधियों की तस्दीक की गई। तकनीकी अनुसंधान और क्षेत्रीय जांच के आधार पर पुलिस ने दो अभियुक्तों राजाराम उर्फ राज एवं बलराम दोनों निवासी हीरा का बाड़ा (धोवड़ा), थाना दबलाना, जिला बूंदी को गिरफ्तार किया। साथ ही एक विधि से संघर्षरत बालक को भी निरुद्ध किया गया है।



