जहाजपुर में मेडिकल स्टोर रहे बंद
Jahazpur News 20 मई (मोहम्मद आज़ाद नेब) ई-फार्मेसी के विरोध में बुधवार को जहाजपुर का दवा बाजार पूरी तरह बंद रहा। भारतीय दवा विक्रेता संघ एवं राजस्थान केमिस्ट एलायंस के आह्वान पर तहसील क्षेत्र के सभी मेडिकल स्टोर बंद रखकर दवा विक्रेताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया है।
भीलवाड़ा जिला केमिस्ट एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष प्रमेन्द्र सुवालका ने बताया कि कोरोना काल में मरीजों तक दवाओं की आपूर्ति बनाए रखने के लिए ई-फार्मेसी को अस्थाई रूप से अनुमति दी गई थी, लेकिन महामारी समाप्त होने के वर्षों बाद भी यह व्यवस्था जारी है। कई ऑनलाइन दवा कंपनियां बिना सख्त नियमन और स्पष्ट गाइडलाइन के काम कर रही हैं। केमिस्ट संगठनों का आरोप है कि ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म भारी छूट देकर पारंपरिक मेडिकल व्यापार को नुकसान पहुंचा रहे हैं। साथ ही बिना पर्याप्त निगरानी के दवाओं की ऑनलाइन बिक्री आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन सकती है।
दवा विक्रेताओं ने सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियम लागू करने और पारंपरिक मेडिकल व्यवसाय की सुरक्षा की मांग की। बंद के दौरान जहाजपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में अधिकांश मेडिकल स्टोर बंद रहे।


