रसोई की कमियां देख हुई नाराज, अफसरों के छूटे पसीने
(लाइव कवरेज)
Deoli News 23 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) टोंक जिला कलक्टर कल्पना अग्रवाल मंगलवार रात देवली रोडवेज बस स्टैंड परिसर स्थित अन्नपूर्णा रसोई पहुंचीं, जहां उनके सख्त व डिसिप्लिन तेवर देख अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों में घबराहट दिखी।
निरीक्षण के दौरान संस्कार, संवेदनशीलता और अनुशासन का परिचय देते हुए कलक्टर ने रसोई के बाहर ही अपने जूते उतारे और भीतर जाकर भोजन पकाने की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। उन्होंने जब भोजन की गुणवत्ता जांची, तो दाल में पानी की अधिकता देख नाराजगी जताई। चावल की पकाई भी देखी। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने बेबाकी से कलक्टर को बताया कि यहाँ का खाना स्वादिष्ट नहीं होता, जबकि देवली अस्पताल परिसर स्थित रसोई में बेहतर भोजन मिलता है। इस पर कलक्टर ने खुद थाली मंगवाकर भोजन चखा और गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान तब हैरानी वाली स्थिति पैदा हो गई जब कलक्टर ने रसोई में राशन की सूखी सामग्री के बारे में पूछा और मौके पर राशन का स्टॉक नहीं था। कर्मचारियों ने दलील दी कि सामान आज ही खत्म हुआ है, जिसे कलक्टर ने गंभीरता से लेते हुए कहा कि यह बात गले नहीं उतरती कि आज ही सामान खत्म हुआ हो। कलक्टर अग्रवाल ने कहा कि नगर पालिका कर्मचारी यहां प्रतिदिन मॉनिटरिंग करें। उन्होंने प्रतिदिन भोजन करने वालों के आंकड़ों में आ रहे अंतर पर भी सवाल उठाए। रसोई के बाद कलक्टर रैन बसेरे के बाहर पहुंची और देवली एसडीओ रूबी अंसार व तहसीलदार को खुद ऊपर जाकर बिस्तरों और गद्दों की सफाई जांचने के निर्देश दिए। उन्होंने शौचालय की साफ-सफाई और रोडवेज बुकिंग सेंटर पर पेयजल व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने लोगों से पूछा कि यहां रैन बसेरे में कोई शुल्क तो नहीं लिया जाता। हालांकि एक बुजुर्ग ने रैन बसेरे में प्रवेश नहीं देने की बात कही। लेकिन यह बात इसलिए कही गई थी यहां प्रवेश रात 8 बजे बाद दिया जाता है। कलक्टर ने रैन बसेरे संचालक को कहा कि कोई व्यक्ति जल्दी भी आ जाए तो क्या दिक्कत है।
इस निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी दौलत राम गुर्जर, पटवारी किशन गर्ग, पंकज जैन, नगर पालिका कर्मचारी कुलदीप सिंह, महमूद अली सहित नगर पालिका के कर्मचारी और अधिकारी मुस्तैद रहे, जबकि कलक्टर की इस सक्रियता को देखने के लिए बस स्टैंड पर भीड़ जमा हो गई। जाते वक्त कलक्टर रोडवेज बुकिंग का भी निरीक्षण किया उन्होंने यहां पेयजल और टिकट व्यवस्था की जानकारी ली। वही बुकिंग प्रभारी राकेश शर्मा से बातचीत की।



