Deoli News 25 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) धार्मिक आस्था और गुरु-शिष्य परंपरा का भावनात्मक उदाहरण देवली में देखने को मिला है। हरिद्वार से पैदल कांवड़ यात्रा के माध्यम से पवित्र गंगाजल लेकर पहुंची किन्नर निशा ने मंगलवार को अपने गुरु पायल बाई के सान्निध्य में भगवान अर्धनारीश्वर का विधि-विधान से जलाभिषेक किया।
मंत्रोच्चार और ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच भगवान अर्धनारीश्वर का हरिद्वार से लाए पवित्र गंगाजल से अभिषेक किया गया। इसके बाद विशेष पूजा-अर्चना, आरती और पुष्प अर्पित किए गए। निशा ने इसे अपनी हरिद्वार से देवली तक की कठिन पैदल कांवड़ यात्रा का सौभाग्यपूर्ण समापन बताया। जलाभिषेक के बाद गुरु पायल बाई ने निशा को आशीर्वाद देते हुए क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। समारोह के बाद बधाई कार्यक्रम और भंडारे का आयोजन भी किया गया।
इस दौरान किन्नर समाज के सदस्य पारंपरिक परिधानों में नृत्य करते नजर आए, वहीं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पहुंचकर भगवान अर्धनारीश्वर के दर्शन किए और गुरु-शिष्य के इस पावन रिश्ते की सराहना की।


