Deoli News 13 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली थाना पुलिस ने एक त्वरित कार्रवाई करते हुए राह चलती छात्राओं से छेड़छाड़ करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह घटना शनिवार को हुई जब दो नर्सिंग छात्राएं कॉलेज जा रही थीं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दूनी निवासी दो छात्राएं जीएनएम नर्सिंग के लिए प्रतिदिन देवली आती हैं। शनिवार को दोनों छात्राएं होटल गोविंदा के पास बस से उतरकर पैदल नर्सिंग कॉलेज जा रही थीं। इसी दौरान एक कार में सवार दो युवक आए और उन्होंने एक छात्रा के साथ छेड़खानी और बदतमीजी की। इसके बाद वे वापस लौटे और छात्रा को पकड़ने का भी प्रयास किया। इस घटना से घबराई छात्राएं रोने लगीं, जिसे देखकर कॉलेज के अन्य छात्र रुक गए। पीड़ित छात्राओं ने पूरी घटना अपने सहपाठियों को बताई, जिन्होंने तुरंत कार का नंबर नोट कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल अब्दुल वहाब और सुरेश कुमार यादव सहित 112 नंबर की पुलिस जीप तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने पीड़िताओं से घटना की जानकारी ली और कार के नंबर के आधार पर आरोपियों को तुरंत ट्रेस कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। देवली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अभिभावकों और आम जनता में संतोष का भाव है। पुलिस ने बताया कि आरोपी विमल निवासी और अक्षय निवासी भगवानपुरा थाना टोडारायसिंह है। इनमें से एक युवक के परिजन का यहां निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। इस वजह से यह दोनों यहां देवली आए हुए थे।



