Deoli News 26 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देवली में पीएम श्री स्कूल योजना के अंतर्गत जागृति आंगन कार्यक्रम के चौथे चरण का संपादन शनिवार को हुआ। इसमें छात्र-छात्राओं को मार्गदर्शन दिया गया।
प्रधानाचार्य रमेश चंद मीणा ने बताया कि गुरुवार को दूसरे चरण में शैक्षिक विशेषज्ञ सेवानिवृत्त उपनिदेशक पारस चंद जैन व सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य महावीर कुमार जैन, तृतीय चरण में शैक्षिक विशेषज्ञ पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी विष्णु कुमार चाष्टा व पूर्व उपनिदेशक सत्येंद्र व्यास औऱ चौथे चरण में शनिवार को शैक्षिक विशेषज्ञ पूर्व आईएएस केआर कमलेश व शिवजीराम प्रतिहार ने छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया। प्रभारी राजबहादुर मीणा व सत्यप्रकाश माहेश्वरी ने बताया कि जागृति आंगन कार्यक्रम का अंतिम व पांचवा चरण 28 जनवरी को होगा। कार्यक्रम में प्रत्येक चरण में टोंक जिले के विभिन्न ब्लॉक से 60 प्रतिभावान विद्यार्थी पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देवली की विजिट करने आए हैं। जिन्हें टीएलएम सामग्री के रूप में टीशर्ट, आईडी कार्ड, स्पाइरल डायरी व पेन दिया जाता है। सभी विद्यार्थियों के लिए अल्पाहार व भोजन के साथ मिनट टू मिनट कार्यक्रम में शैक्षिक विशेषज्ञों की वार्ता, विद्यार्थियों का आपस में संवाद , खेलकूद प्रतियोगिता, शिक्षाप्रद फिल्म दिखाई गई।
भ्रमण पर आए विद्यार्थियों ने पीएम श्री स्कूल की भौतिक, रसायन, जीव विज्ञान भूगोल व व्यावसायिक प्रयोगशालाओं का अवलोकन कर विद्यालय में किए गए नवाचारों के बारे में जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में मंच संचालन वरिष्ठ अध्यापक मनीष चाष्टा व अन्य व्यवस्थाओं में पप्पू लाल प्रजापत, कृष्णकांत मीणा, सुनील मीणा, नोरतमल बलाई, राजेंद्र मीणा, प्रियंका अलोरिया, हेमलता मीणा, महावीर प्रसाद नामा ने सहयोग किया।



