Deoli News 20 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) टोंक जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने शुक्रवार को स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत उपखंड देवली की ग्राम पंचायत आंवा में विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
जिला कलक्टर ने ग्राम पंचायत द्वारा कराए गए विकास कार्यों का अवलोकन किया। जिला कलक्टर ने पुस्तकालय, भीम उद्यान, राजभवन, राजेश्वर महादेव मंदिर, शमशान स्थल पर कराए कार्यों का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने सरपंच दिव्यांश भारद्वाज से राजीविका की स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के प्रोत्साहन के लिए कार्य करने पर जोर दिया। साथ ही ग्राम पंचायत में स्वच्छता और कचरा संग्रहण के लिए बेहतर कार्य करने के लिए विकास अधिकारी को निर्देशित किया। इस दौरान उपखंड अधिकारी मनोज कुमार मीणा, एसीईओ ललित कुमार भी मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने बताई पेयजल की समस्या
जिला कलक्टर के समक्ष ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत में पेयजल सप्लाई 48 घंटे के अंतराल पर नियमित नहीं होने तथा पानी की गुणवत्ता सही नहीं होने की समस्या बताई। जिला कलक्टर ने फोन पर जलदाय विभाग के अधिकारियों से बात कर पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। एसडीओ को ग्राम पंचायत में सप्लाई होने वाले पेयजल की क्वालिटी चैक कराने के लिए निर्देश दिए।



