-
स्कूटी मिलने पर दिव्यांगों के चेहरे पर छाई खुशी
-
विधायक कोष से मिला उपहार
Deoli News 18 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) ऊर्जा व जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर व स्थानीय विधायक राजेंद्र गुर्जर ने सोमवार को देवली नगर पालिका परिसर में दिव्यांगजनों के स्कूटी का वितरण किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है।
प्रदेश सरकार ने हाल ही में ग्राम विकास रथों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं को लेकर आमजन को जागरुक करने का कार्य किया, ताकि एक भी पात्र व्यक्ति अपने हक से वंचित नही रहें। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सरकार के विधायक कोष से स्थानीय विधायक राजेन्द्र गुर्जर द्वारा सभी को 59 स्कूटियों का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों को स्कूटी मिलने से उनका जीवन सुगम हो सकेगा। उन्हें रोजमर्रा के कामों में परेशानी का सामना नही करना पड़ेगा। नागर ने कहा कि जनहितैषी योजनाओं को लेकर राज्य सरकार वंचित वर्ग के जीवन को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। खाद्य सुरक्षा योजना में हमारी सरकार ने 85 लाख नाम जोड़कर पात्र लोगों को राहत दी है।
वहीं 24 जिलों के किसानों को दिन के समय बिजली आपूर्ति की जा रही है, जो कि वर्ष 2027 तक प्रदेश भर में उपलब्ध होगी। किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, लखपति दीदी योजना के माध्यम से किसानों एवं महिलाओं को आर्थिक रुप से सक्षम बनाया जा रहा है। स्थानीय विधायक राजेन्द्र गुर्जर ने कहा कि पं दीनदयाल उपाध्याय ने कहा था नर सेवा ही नारायण सेवा है। दिव्यांग समाज की मुख्यधारा में शामिल हो, इसके लिए उनका आत्मनिर्भर होना बेहद जरुरी है। इसी दिशा में दिव्यांग यह स्कूटी दी जा रही है। हमारी सरकार आमजन की हर समस्या और परेशानी का समाधान तत्परता से करते हुए विद्युत, शिक्षा, चिकित्सा एवं पेयजल की योजनाओं से लोगों को लाभांवित कर रही है।
इस दौरान जिला कलक्टर टीना डाबी, उपखंड अधिकारी देवली रुबी अंसार, तहसीलदार मेघा गुप्ता, विकास अधिकारी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक करतार सिंह मीना, बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक नवल खान, पूर्व चेयरमेन नेमीचन्द जैन समेत बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।
“काफिला रहा चर्चा का बिंदु”
इस दौरान ऊर्जा मंत्री के नगर पालिका से पहुंचने से पूर्व बाजार में देखा गया उनका काफिला लोगों में चर्चा का विषय रहा। लोगों ने बताया कि उनकी कार के आगे पुलिस की एस्कॉर्ट कार व उपखंड स्तर के पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी चल रहे थे। इसी तरह हनुमान नगर पुलिस कार भी साथ थी। जहां प्रधानमंत्री एसपीजी कवर होने के बावजूद सिंगल एस्कॉर्ट कर से चल रहे हैं। वही प्रदेश के मंत्री के लवाजमे अजमेर को देखकर लोग चर्चा कर रहे हैं। यहां प्रधानमंत्री के ईंधन बचाने का संदेश खाली जा रहा है। लोगों का कहना है कि भले ही अधिकारियों ने मंत्री को सर्किट हाउस से प्रोटोकॉल दिया हो, लेकिन यह प्रधानमंत्री के अपील की अवहेलना तो है ही।



