ठिठुरन के साथ थमी जनजीवन की चाल
Deoli News 6 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली और आसपास के क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड और कोहरे का सितम कम होने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार, रविवार और सोमवार के बाद मंगलवार को भी लगातार चौथे दिन देवली घने कोहरे के आगोश में लिपटा रहा।
कोहरे की इस लगातार ‘चौथी दस्तक’ ने क्षेत्र में कड़ाके की ठंड और गलन को चरम पर पहुंचा दिया है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। सुबह के समय दृश्यता (विजिबिलिटी) कम होने के कारण नेशनल हाईवे सहित अन्य संपर्क मार्गों पर वाहनों की गति थमी रही और वाहन चालक हेडलाइट जलाकर रेंगते हुए सफर करने को मजबूर दिखे। मंगलवार सुबह जब लोगों की आंखें खुलीं, तो पूरा शहर सफेद धुंध की मोटी परत से ढका हुआ था। कड़ाके की सर्दी के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे हाथ-पैर सुन्न होने और उंगलियों में गलन जैसी समस्याएं बढ़ गई हैं।
इस हाड़कंपाने वाली ठंड का सबसे बुरा असर सुबह के समय कामकाज पर जाने वाले लोगों और व्यापारियों पर पड़ रहा है। बाजार देरी से खुल रहे हैं और सुबह के समय लोग सार्वजनिक स्थानों पर अलाव तापकर सर्दी से बचने का जतन करते नजर आ रहे हैं। हालांकि प्रशासन ने छोटे बच्चों के लिए अवकाश घोषित कर राहत दी है, लेकिन मौसम के ये कड़े तेवर कामकाजी वर्ग और बुजुर्गों की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। कोहरे और शीतलहर के इस ‘डबल अटैक’ के कारण बाजार की रौनक भी गायब हो गई है। मौसम विभाग की मानें तो अगले कई घंटों तक परिस्थितियों में विशेष सुधार की संभावना नहीं है और पारा और अधिक नीचे गिर सकता है।
लगातार चार दिनों से जारी इस ‘कोल्ड टॉर्चर’ ने देवलीवासियों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है और फिलहाल इस शीतलहर से राहत मिलने के कोई संकेत नजर नहीं आ रहे हैं।


