Deoli News 20 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के जयपुर रोड दौलता मोड पर करीब 10 दिन पूर्व सड़क दुर्घटना में घायल हुए एक व्यक्ति ने शुक्रवार को दम तोड़ दिया है। लेकिन अभी तक पुलिस को इस व्यक्ति के परिजनों का पता नहीं लग सका।
देवली थाना प्रभारी राजकुमार नायक ने बताया कि गत 10 दिन पूर्व दौलता मोड़ स्थित टाटा मोटर्स के समीप एक व्यक्ति एक्सीडेंट का शिकार हो गया। इसकी उम्र अनुमानित 45 से 50 वर्ष की है। जिसे एंबुलेंस के जरिए देवली अस्पताल में लाया गया। वहीं हालत गंभीर होने पर उसे टोंक रेफर किया गया। इसके बाद उक्त व्यक्ति को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया है। लेकिन शुक्रवार को उक्त व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। फिलहाल शव जयपुर स्थित मोर्चरी में रखा है। थाना प्रभारी ने मृतक के परिजनों की जानकारी रखने वाले लोगों से थाने में सूचना देने की बात कही है। उक्त व्यक्ति ने काले रंग की टीशर्ट पहनी है। वही चेहरे पर दाढ़ी बढ़ी है।



