Deoli News 6 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पंचायत समिति देवली में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर सरताज मोहम्मद की संविदा सेवा समाप्त किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस संबंध में पीड़ित सरताज मोहम्मद ने ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज मंत्री को ज्ञापन भेजकर न्याय की मांग की है।
पीड़ित सरताज मोहम्मद ने ज्ञापन में बताया है कि वह प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से पंचायत समिति में कार्यरत था और उसे पिछले तीन माह से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। पीड़ित का कहना है कि वह स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहा है और उसने अपना मेडिकल प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत किया था। इसके बावजूद बिना किसी पूर्व नोटिस के उसकी सेवा समाप्त कर दी गई। सरताज ने मंत्री से आग्रह किया है कि विकास अधिकारी द्वारा जारी सेवा समाप्ति आदेश को निरस्त कर उसे राहत दी जाए। दूसरी ओर विकास अधिकारी पंचायत समिति देवली द्वारा गत एक जुलाई को जारी आदेश के अनुसार कंप्यूटर ऑपरेटर सरताज मोहम्मद को कार्य से हटाने का कारण स्पष्ट किया गया है। आदेश में उल्लेख है कि सरताज मोहम्मद द्वारा कंप्यूटर से संबंधित कार्य और उच्चाधिकारियों द्वारा सौंपे गए कार्यों को समय पर पूरा नहीं किया जा रहा था।
इस कार्यक्षमता में कमी के आधार पर प्लेसमेंट एजेंसी (मैसर्स लोक सेवा समिति) को निर्देशित किया गया है कि वे सरताज मोहम्मद को तत्काल कार्य से हटाएं और भविष्य में उसके मानदेय की मांग न करें।


