Deoli News 30 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जिले के बनेठा थाना क्षेत्र के रमजान गंज निवासी 50 वर्षीय घनश्याम मीणा पुत्र कन्हैया लाल मीणा की मौत का देवली में मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार घनश्याम ने गुरुवार शाम देवली शहर के गांधी पार्क के सामने स्थित अग्रवाल धर्मशाला में ठहरने के लिए कमरा नं 27 किराए पर लिया था। धर्मशाला के मैनेजर कमलेश कुमार के अनुसार गर्मी को देखते हुए रात को घनश्याम शायद छत पर सोने गया था। सुबह धर्मशाला कर्मचारियों ने उसे जगाने का प्रयास किया। लेकिन वह अचेत था। जांच किए जाने पर वह मृत मिला। एएसआई सीताराम गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले की जांच के लिए मोबाइल इन्वेस्टिगेशन यूनिट को बुलाया गया है।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है। मौत के कारणों की जांच जारी है। अग्रवाल पंचायत के अध्यक्ष त्रिलोक चंद मंगल भी अपनी कार्यकारिणी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जानकारी ली।


