जप्ती की कार्रवाई की, पॉलिथीन भी पकड़ी
Deoli News 27 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) यातायात प्रबंधन को लेकर नगर पालिका अधिशासी अधिकारी के निर्देश पर बुधवार शाम पालिका कर्मचारियों ने कार्रवाई की है। इसके तहत नगर पालिका की जनरल लाइन का उल्लंघन कर सड़क पर आने वाले ठेलों को हटाया गया है।
दरअसल यह कार्रवाई यातायात प्रबंधन के मद्देनजर की गई। नगर पालिका मंडल प्रशासन के समक्ष यह शिकायत आई की ठेला विक्रेता जनरल लाइन पार कर आगे की ओर खड़े हो रहे है। जिससे यातायात बाधित हो रहा है। वही दुर्घटना का अंदेशा बना रहा है। इसे लेकर अधिशासी अधिकारी छगनलाल यादव के निर्देश पर एसआई कुलदीप सिंह शक्तावत, जमादार विकास समेत पालिकाकर्मी शहर के छतरी चौराहा, पेट्रोल पंप व शहर के जयपुर रोड राजकीय महाविद्यालय के समीप पहुंचे। जहां ठेलो को हटाया गया। वही पॉलिथीन भी जब्त की गई। पालिकाकर्मियों ने बताया कि विशेषकर राजकीय महाविद्यालय के सामने से लेकर जयपुर चुंगी नाका तक बनी चौपाटी, नॉनवेज, अंडे विक्रेताओं को हटाया गया है। दरअसल इन विक्रेताओं की वजह से जयपुर मार्ग पर हादसे का सबब बन रहा था तथा यह लोग लगातार काबिज होते जा रहे थे।
ऐसे में पालिकाकर्मियों ने राजकीय महाविद्यालय से लेकर जयपुर चुंगी नाका तक सभी विक्रेताओं को हटा दिया है। इसी तरह ठेला विक्रेताओं को समझाईश की तथा अड़ियल रवैया अपनाने वाले विक्रेताओं के ठेले जप्त किए गए। पालिका कर्मचारियों ने बताया कि यह कार्रवाई अग्रिम आदेश तक इसी तरह जारी रहेगी। पालिका कर्मचारियों ने बताया कि जनरल लाइन की पालना करने वाले तथा अतिक्रमण नहीं करने वाले व्यापारियों को किसी तरह से डरने की जरूरत नहीं है।


