Deoli News 11 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के बंथली गांव निवासी युवा भामाशाह नीरज मीणा ने गांव के विकास और लोककल्याण के लिए अपनी एक बीघा जमीन ग्रामीणों को दान करने का निर्णय लिया।
करीब 10 लाख रुपए मूल्य की इस जमीन का उपयोग गरीब बच्चों की उच्च शिक्षा, चिकित्सा सुविधाओं और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग के लिए किया जाएगा। इस अवसर पर उनके पिता शिवजी लाल मीणा भी मौजूद रहे। श्री कुंवर जी महाराज के मेले के समापन पर नीरज मीणा ने ग्रामीणों के हित में यह निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि यह माटी का कर्ज चुकाने का प्रयास है, जिसने उन्हें पहचान दी है। दान की गई जमीन के माध्यम से गांव के जरूरतमंद विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा में सहयोग देने, बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की दिशा में प्रयास करने तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहायता उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। नीरज मीणा की इस पहल पर ग्रामीणों ने आभार जताते हुए अभिनंदन किया।



