रात में आवाजाही से बचने की सलाह, कार चालक ने कैद किया वीडियो
Deoli News 1 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जयपुर, अजमेर और टोंक की लाइफलाइन बीसलपुर बांध के वन क्षेत्र में पैंथर के पिछले काफी दिनों से लगातार मूवमेंट से हड़कंप मचा हुआ है। एक वीडियो हाल ही में सामने आया है, जिसमें कार में बैठे व्यक्ति वीडियो बना रहा है।
हालांकि यह वीडियो किसने बनाया इसका पता नहीं लग सका। लेकिन बांध की सेफ्टी वॉल पर बैठे एक पैंथर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। रात के अंधेरे में वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने अपनी कार से इस नजारे को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया। करीब 45 सेकंड के इस वीडियो ने क्षेत्र में दहशत फैला दी है। देवली थाना अधिकारी दौलतराम गुर्जर ने इस वीडियो की शुरुआती पुष्टि की है कि फुटेज में दिख रही लोकेशन बीसलपुर बांध के ऊपरी रास्ते की लग रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि वे खुद भी पूर्व में वहां पैंथर देख चुके हैं।
उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों और पर्यटकों से रात के समय बांध क्षेत्र के आसपास आवाजाही करते समय विशेष सावधानी बरतने और सतर्क रहने की बात कही है। वहीं वन क्षेत्र में पैंथर की सक्रियता को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से वहां जाने से बचने की सलाह दी गई है।


