Deoli News 21 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के बीसलपुर बांध में लगातार पानी की आवक अब घटती जा रही है। लिहाजा पिछले कई दिनों से बांध से हो रही अतिरिक्त पानी की निकासी पर भी इसका प्रभाव पड़ा है। इसके चलते परियोजना ने डेम के खुले गेटों की संख्या अब बहुत कम कर दी गई है।
बीसलपुर नियंत्रण कक्ष की सूचना के अनुसार शनिवार सुबह 6 बजे बीसलपुर बांध का जल स्तर आरएल 315.50 मीटर है। बता दें कि यह स्तर बांध का पूर्ण भराव है। जिसको पिछले कई दिनों से मेंटेन किया जा रहा है। वही अतिरिक्त पानी को गेट खोलकर निकासी की जा रही थी। शनिवार को महज एक गेट से पानी की निकासी हो रही है। जबकि शेष अन्य गेट बंद कर दिए हैं। फिलहाल गेट नं 9 से 3005 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जो आधा मीटर उठाकर की जा रही है। वही त्रिवेणी पर 3 मीटर का गेज जारी है। लिहाजा डेम के गेट से पानी निकलने का मनमोहक दृश्य अब अंतिम दौर में है। वहीं पानी की आवक कम होते ही परियोजना यह अंतिम गेट भी बंद कर जल स्तर मेंटेन करेगी। उल्लेखनीय है कि इसी माह 6 सितंबर को बीसलपुर परियोजना ने गेट खोलकर सीजन में पहली बार पानी के निकासी शुरू की थी। शुरुआत में दो गेट खोले गए, जो बाद में बढ़कर अधिकतम आधा दर्जन हो गए थे।



