सरपंचों के निलंबन पर किया प्रदर्शन
Jahazpur News 16 मई (मोहम्मद आज़ाद नेब) कांग्रेस समर्थित सरपंचों के निलंबन के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को रैली निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान विधायक गोपीचंद मीणा का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की गई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा। ब्लॉक कांग्रेस सचिव बाबूलाल मीणा ने विधायक पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे ग्राम पंचायतों के खाते सीज कर सरपंचों से वसूली कर रहे हैं। पंचायत समिति में 25 प्रतिशत कमीशन लेकर ही काम हो रहा है। उन्होंने भाजपा नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार लौटेगी और तब यही कहानी भाजपा को झेलनी पड़ेगी। कांग्रेस ओबीसी ब्लॉक अध्यक्ष मुकेश जाट ने ग्राम पंचायत पंडेर की एसएसएसओ आईडी आठ महीने तक बंद रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह कानून का उल्लंघन है।
उन्होंने बताया कि एक दिन पहले ही दो सरपंचों को निलंबित किया गया और अगले ही दिन संभागीय आयुक्त की ओर से नोटिस जारी कर दिया गया, जिससे सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठते हैं।
जनप्रतिनिधियों को आर्थिक और राजनीतिक रूप से कर रहे परेशान
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जहाजपुर-कोटड़ी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक गोपीचंद मीणा कांग्रेस समर्थित जनप्रतिनिधियों को आर्थिक और राजनीतिक रूप से परेशान कर रहे हैं। मनरेगा समेत कई विकास कार्यों को जानबूझकर रोका जा रहा है। पूर्ववर्ती सरकार के समय स्वीकृत और उद्घाटित परियोजनाओं का दोबारा शिलान्यास कर विधायक अपनी छवि चमकाने की कोशिश कर रहे हैं। ब्लॉक कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि जो सरपंच भाजपा विधायक की बात नहीं मानते, उन्हें एकतरफा जांच कर निलंबित कर दिया जाता है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में बेई सरपंच फोरी देवी मीणा और पंडेर सरपंच ममता जाट के साथ यही किया गया है।
प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र सिंह कानावत, पूर्व डीआर पृथ्वीराज मीणा, सेवा दल अध्यक्ष व पार्षद अनिल उपाध्याय, पूर्व पार्षद बाबूलाल खटीक समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।


