शक्करगढ़ चौराहे के पास रविवार तड़के हुआ सड़क हादसा
Jahazpur News 10 मई (मोहम्मद आजाद नेब) जहाजपुर क्षेत्र में नेशनल हाईवे 148D कोटा रोड पर शक्करगढ़ चौराहे के पास रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दरअसल, हाईवे पर अचानक आवारा मवेशी के सामने आ जाने से उसे बचाने के फेर में डंपर और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते दोनों वाहनों में आग भड़क उठी और वे बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर जहाजपुर पुलिस और नगर पालिका की दमकल तुरंत मौके पर पहुंची। एसआई देवराज सिंह ने बताया कि एक ट्रक जो रामगंज मंडी से कोटा स्टोन लेकर जोधपुर की ओर जा रहा था। इसे चालक याकूब पुत्र रमजान, निवासी भोपालगढ़ चला रहा था। वहीं दूसरा वाहन खाली डंपर था, जिसे चालक मोहम्मद खुर्शीद आलम निवासी तालाब गांव शाहपुरा की ओर जा रहा था।

गनीमत यह रही कि इस भयानक अग्निकांड में दोनों चालक बाल-बाल बच गए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस और दमकलकर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर शांति व्यवस्था कायम करते हुए पुनः सुचारू करवाया। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।



