Deoli News 3 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र में नए साल की शुरुआत के साथ ही सर्दी के तेवर लगातार तीखे बने हुए हैं। मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को देवली और आसपास के ग्रामीण इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
दिन के समय आसमान पूरी तरह साफ रहने और धूप खिलने की संभावना है। जिससे लोगों को राहत मिलेगी। हालांकि उत्तरी हवाओं के प्रभाव के कारण शीतलहर का दौर जारी रहेगा। जिससे धूप के बावजूद ठिठुरन व गलन कम नहीं होगी। यह दौर अगले दो-तीन दिनों तक जारी रह सकता है। इस दौरान देवली का अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। जबकि न्यूनतम तापमान गिरकर 7 से 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है। सुबह के समय हल्का कोहरा छाने की भी संभावना व्यक्त की गई है।
जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है। मौसम विशेषज्ञों ने आगामी कुछ दिनों तक तापमान में इसी तरह की गिरावट बने रहने के संकेत दिए हैं। कड़ाके की ठंड को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों और बुजुर्गों को गर्म कपड़ों का विशेष ध्यान रखने और ठंडी हवाओं से बचाव की सलाह दी है। इससे पहले शनिवार को कड़ाके की बर्फीली ठंड ने लोगों को धुजने पर मजबूर कर दिया। गर्म कपड़े पहनने के बावजूद लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिली। कई जगह पर दिनभर ही अलाव जलते रहे।




