अंबेडकर विचार मंच ने दिया समर्थन, जल भराव क्षमता बढ़ाने का विरोध
Deoli News 3 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बीसलपुर बांध की जलभराव क्षमता बढ़ाने के विरोध में राष्ट्रीय विस्थापित संघर्ष समिति का आंदोलन तेज होता जा रहा है। देवली उपखंड अधिकारी परिसर के बाहर दिया जा रहा धरना शनिवार को लगातार 12वें दिन भी जारी रहा।
इस दौरान आंदोलन को अंबेडकर विचार मंच ने धरने स्थल पर पहुँचकर अपना समर्थन दिया। अंबेडकर विचार मंच के राजबहादुर वर्मा ने कहा कि डूब क्षेत्र के विस्थापितों की मांगें पूरी तरह जायज हैं और शासन-प्रशासन को उनकी सुध लेनी चाहिए। मंच ने स्पष्ट किया कि वे विस्थापितों के इस हक की लड़ाई में साथ खड़े हैं। इस दौरान कार्यवाहक अध्यक्ष सत्यनारायण सरसड़ी, विजयलक्ष्मी जांगिड़ और पूर्व सरपंच यादराम ने भी विस्थापितों की समस्याओं पर प्रकाश डाला।
धरने पर कजोडमल चौधरी, सतीश वर्मा, मानसिंह, संत कुमार, अंबालाल, राजू, मुकेश, बाबू, शिवराज, भागचंद, रतन, सुल्तान, दिलखुश, लेखराज और बाबूलाल देवपुरा सहित लोग मौजूद रहे। विस्थापितों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाती, तब तक संघर्ष अनवरत जारी रहेगा। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में बांध की पूर्ण जल भराव क्षमता 315.50 आरएल मीटर है। जिसे एक मीटर और बढ़ाए जाने की सरकार की योजना है। जिसका विस्थापित और क्षेत्रवासी विरोध कर रहे हैं।



