Deoli News 26 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के बीजवाड़ में चल रही रामलीला मंचन में इन दिनों धार्मिक उत्साह का माहौल है, जहां नवरात्रा स्थापना के साथ ही रामलीला का मंचन शुरू हो गया है।
बुधवार को मंचित लीला में भव्य धनुष भंग का दृश्य दिखाया गया, जिसके उपरांत भगवान राम का विवाह माता सीता से हुआ। राम विवाह के बाद भगवान राम अयोध्या लौटे। गुरुवार को मंचित लीला का दृश्य अत्यंत मार्मिक रहा। दासी मंथरा के बहकावे में आकर महारानी कैकेयी ने महाराजा दशरथ से अपने दो वचन मांग लिए। पहले वचन में उन्होंने भगवान राम के लिए चौदह वर्ष का वनवास और दूसरे में भरत के लिए अयोध्या का राजपाठ मांगा।
पिता के वचनों को निभाने के लिए मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम ने सहर्ष वनवासी वेश धारण किया और चौदह वर्ष के लिए वनवास प्रस्थान किया। रामलीला मंडल अध्यक्ष ने बताया कि शुक्रवार को मंच पर राम-केवट संवाद का हृदयस्पर्शी दृश्य दिखाया जाएगा। इस दौरान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता के साथ गंगा पार उतरेंगे। इसके बाद शनिवार 27 सितंबर को वन में राम-भरत मिलाप का अत्यंत अनुपम और भावुक दृश्य दिखाया जाएगा। बता दे कि यहां पिछले 54 वर्षों से लगातार रामलीला का मंचन किया जा रहा है।



