Deoli News 15 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) ग्राम पंचायत लुहारीकलां क्षेत्र में शहीद स्मारक पर लगी एक प्रतिमा को खंडित करने का मामला सामने आया है। इसे लेकर ग्राम विकास अधिकारी लुहारीकलां की ओर से हनुमान नगर थाना पुलिस को रिपोर्ट दी गई है।
सूचना पर थाना प्रभारी गणेश मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। रिपोर्ट में बताया कि ग्राम पंचायत लुहारीकलां के शहीद स्मारक पर शहीद हरलाल सिंह मीणा निवासी लुन्दा का झोपड़ा और शहीद रामकिशन मीणा निवासी लुहारीकलां की प्रतिमा लगी हुई है। इनमें असामाजिक तत्वों ने हरलाल की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करते हुए राइफल के ऊपरी हिस्से को तोड़ दिया। ग्रामीणों के अनुसार पूर्व में भी इस तरह की वारदात हो चुकी है, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
ग्राम विकास अधिकारी ने पुलिस से मामले की जांच कर प्रतिमा खंडित करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सूचना पर पहुंची हनुमान नगर पुलिस ने प्रतिमा के क्षतिग्रस्त हिस्से को मरम्मत करा दिया है।


