विरोध के चलते रुका काम, पानी भरने की समस्या परेशान है लोग
Deoli News 17 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के वार्ड नं 13 में शनिवार सुबह उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब नगर पालिका ठेकेदार रोड बनाने के लिए जेसीबी मशीन व कर्मचारियों।के साथ मौके पर पहुंचा गया।
वार्डवासियों ने इसका जमकर विरोध किया और काम रुकवा दिया। वार्डवासियों ने बताया कि पिछले 8-10 वर्षों से बरसाती पानी की निकासी की समस्या का समाधान नहीं होने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां की कई गलियों में तीन तक पानी भरने से लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। वार्डवासियों ने उच्च अधिकारियों तक अपनी समस्या से अवगत कराया है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकला है। बरसाती पानी भरना कॉलोनी की मुख्य समस्या है। लेकिन ध्यान सड़क निर्माण पर दिया जा रहा है।
नाले का निर्माण भी हुआ है, लेकिन किसी काम का नहीं
नगर पालिका द्वारा कुछ वर्ष पूर्व एक नाले का निर्माण कराया गया था, लेकिन वह निर्माण गलत दिशा में होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। लाखों रुपए की लागत से बने इस नाले का निर्माण बिना इंजीनियर की देखरेख में हुआ था, जिससे समस्या जस की तस बनी हुई है। इस नाले निर्माण से कोई फायदा नहीं हुआ, आज भी मुख्य बाजार, पेट्रोल पंप चौराहे का पानी यहां कॉलोनी में भरता है।
पार्षद को बताई समस्या
वार्डवासियों ने वर्तमान पार्षद विनोद पुजारी को मौके पर बुलाकर समस्या से अवगत कराया और समाधान की मांग की। वार्ड वासियों का कहना है कि जब तक पानी निकासी की समस्या का समाधान नहीं होगा, तब तक रोड निर्माण का कोई फायदा नहीं है। इसे लेकर लोगों ने काम रुकवा दिया।



