Deoli News 17 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली में चोरी के एक मामले में दर्ज रिपोर्ट के बाद अब एक पक्ष के प्रार्थी को धमकियों का सामना करना पड़ रहा है। इसे लेकर पुलिस थाने में हेमेन्द्र साहू ने शिकायत दी है।
इसमें बताया कि उसने अपनी चाय और ज्यूस की दुकान में हुई चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तुषार खटीक और जतिन की पहचान की गई थी। शिकायत के अनुसार इन दोनों व्यक्तियों ने अपने पिता भंवरलाल बैरवा के साथ मिलकर हेमेन्द्र साहू को जान से मारने की धमकियां दी हैं और राजीनामा करने का दबाव डाला है। आरोप है कि गत 13 और 14 मई को इन लोगों ने 2 अलग अलग मोबाइल नं से हेमेन्द्र साहू को लगातार धमकी भरे फोन किए और छुआछूत के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
इसके अलावा 14 मई को दोनों आरोपी हेमेन्द्र साहू के घर में अनाधिकृत रूप से घुस आए और उनकी माता के साथ गाली-गलौच की और धमकी दी कि यदि हेमेन्द्र देवली में आया तो उसे जान से मार दिया जाएगा। शिकायतकर्ता ने पुलिस से इन व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।


