शिफ्टिंग का कार्य धीमी गति से चलने से लोग परेशान
Deoli News 8 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के पेट्रोल पंप चौराहे से कुंचलवाड़ा माताजी तक सड़क निर्माण कार्य एक साल से अधिक समय से धीमी गति से चल रहा है, जिसके चलते स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क निर्माण में मुख्य रूप से विद्युत लाइन के खम्बे बाधा बन रहे हैं, विशेषकर कुंचलवाड़ा माताजी से देवली के करिश्मा मेडिकल तक पुलिया के बाद का हिस्सा प्रभावित है। हालांकि सार्वजनिक निर्माण विभाग ने पोल शिफ्टिंग के लिए अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को राशि जमा करवा दी है, लेकिन इसके बावजूद पोल हटाने का कार्य अभी भी कछुआ चाल से चल रहा है। यह सड़क परियोजना पिछले एक वर्ष से अधिक समय से लंबित पड़ी है, जिसमें कभी जलदाय विभाग की पाइपलाइन तो कभी बिजली के खम्बे निर्माण में अड़ंगा डाल रहे हैं।
इस वजह से आम जनता को लंबा समय बीत जाने के बाद भी सुगम सड़क मार्ग का लाभ नहीं मिल पाया है। पोल शिफ्टिंग का कार्य पूर्ण होने के बाद पंचायत प्रशासन द्वारा सड़क के दोनों ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जानी प्रस्तावित है, ताकि सड़क को विस्तार मिल सके। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से इस सड़क निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर कर इसे शीघ्र पूरा करने की मांग की है।



